falguni patra

बैरकपुर में भाजपा नेत्री फाल्गुनी पात्र पर हमला

बंगाल

कोलकाता। उत्तर 24 परगना के बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन सिंह के समर्थन में दीवार लेखन करने के लिए निकली पार्टी के महिला नेता पर हमले की घटना प्रकाश में आई है। पीड़ित नेत्री की पहचान फाल्गुनी पात्र के तौर पर हुई है। वे भाजपा के बैरकपुर मंडल की अध्यक्ष हैं। आरोप है कि रविवार देर रात जब वह अपनी गाड़ी से लौट रही थीं, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी नैहटी में पावर हाउस के पास दीवार लेखन को केंद्र कर भाजपा और तृणमूल समर्थकों के भी मारपीट की घटना घटी थी। उसके बाद रविवार रात को भी इस तरह की हमला की घटना ने इलाके में तनाव को बढ़ा दिया है। पुलिस ने अतिरिक्त संख्या में जवानों की तैनाती इलाके में की है ताकि किसी तरह के हिंसक संघर्ष को टाला जा सके।

अर्जुन सिंह ने कहा है कि भाजपा की जीत के डर से इलाके में तृणमूल अब हिंसा का सहारा लेने लगी है। उन्होंने पुलिस पर निष्क्रियता बरतने का आरोप लगाया। सिंह ने बताया कि रविवार रात को ही इस मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी लेकिन पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी नहीं की है और ना ही पूछताछ की है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की शुरूआत शनिवार को हुई थी। इलाके में अर्जुन सिंह के समर्थन में एक जगह दीवार लेखन कर रहे भाजपा के कार्यकर्ताओं पर तृणमूल के लोगों ने हमला कर दिया था। इसके बाद मौके पर अर्जुन सिंह भी पहुंचे थे। उसके बाद तनाव और अधिक बढ़ गया था। तृणमूल का कहना था कि जिस दीवार पर अर्जुन सिंह के समर्थन में लिखा जा रहा था उसके मालिक से अनुमति नहीं ली गई थी। तृणमूल का यह भी दावा था कि यहां दीवार लेखन के लिए अनुमति तृणमूल पार्टी को दी गई थी। इधर भाजपा का कहना है कि पूरी अनुमति ली गई थी उसके बाद ही दीवार लेखन का काम हो रहा था।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *