कोलकाता। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा स्थापित विश्वभारती विश्वविद्यालय की जमीन के आरोपों में घिरे नोबेल विजेता अमर्त्य सेन के समर्थन में ममता कैबिनेट के मंत्री ब्रात्य बसु ने भाजपा पर पलटवार किया है।
रविवार को बुद्धिजीवियों ने अमर्त्य सेन के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि विश्वभारती केंद्रीय संस्थान है और केंद्र सरकार के निर्देश पर ही अमर्त्य सेन के खिलाफ झूठी साजिश रची जा रही है।
मंत्री बसु ने कहा कि अमर्त्य सेन का अपराध केवल इतना है कि उन्होंने भाजपा के खिलाफ बोलने की हिमाकत की है। उन्होंने कहा कि अमर्त्य सेन एक बुजुर्ग व्यक्ति हैं और नोबेल पुरस्कार विजेता सेन का पूरे विश्व में सम्मान है। उनका अपराध केवल इतना है कि उन्होंने भाजपा के खिलाफ बोला है। अगर सेन की तरह प्रतिष्ठित व्यक्ति के साथ भाजपा ऐसा कर सकती है तो सोचिए अगर बंगाल में सत्ता में आ जाएगी तो सरकार के खिलाफ बोलने वाले आम लोगों की क्या दशा होगी?
