जनवरी में बंगाल दौरे पर नागरिकता अधिनियम लागू करने की घोषणा करेंगे अमित शाह – भाजपा

बंगाल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बड़ी संख्या में रहने वाले मतुआ समुदाय की बहुप्रतीक्षित नागरिकता का सपना पूरा होने वाला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बंगाल इकाई ने बुधवार को स्पष्ट किया है कि जनवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल आएंगे। उसी दौरान वह यहां नागरिकता अधिनियम लागू करने के बारे में घोषणा करेंगे।
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता व सांसद शांतनु ठाकुर ने आज यहां मीडिया को यह जानकारी दी। 
बताया गया है कि पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान वह उत्तर 24 परगना के ठाकुरनगर में मतुआ समुदाय से मुलाकात करेंगे। इस दौरे के दौरान वह नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू करने की घोषणा कर सकते हैं।
हाल में बंगाल दौरे के दौरान अमित शाह ने कहा था कि कोविड-19 के कारण सीएए क्रियान्वयन में विलंब हो रहा है। उसके बाद राज्य के मतुआ समुदाय में असंतोष देखा गया था। बनगांव लोकसभा इलाके के मतुआ समुदाय के भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर ने भी नाराजगी जताई थी। बुधवार को बीजेपी के हेस्टिंग्स स्थित पार्टी कार्यालय में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, दासगुप्ता और ठाकुर ने साफ कर दिया कि शीघ्र ही सीएए लागू किया जाएगा। 
ठाकुर ने कहा, ” केंद्रीय गृह मंत्री 19 या 20 जनवरी आएंगे। वह ठाकुरनगर जाएंगे। शरणार्थी समाज को संबोधित करेंगे। वर्तमान सरकार ने सीएए कानून बनाया, तो अब वह इस कानून को क्यों लागू नहीं करेगी ? ” उन्होंने कहा कि इसे लेकर मतुआ महासंघ ने आशंका जताई थी। इस कारण उन्होंने मतुआ समुदाय के साथ बैठक की थी। अब खुद गृह मंत्री बताएंगे कि सीएए कब लागू होगा। 
Share from here