कोलकाता। कोलकाता पुलिस के पूर्व आयुक्त राजीव कुमार की गिरफ्तारी को लेकर लगाई जा रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए आखिरकार सीबीआई की टीम रविवार शाम उनके घर जा पहुंची है।
कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई के पूर्वी क्षेत्रीय मुख्यालय से एक विशेष टीम शाम 7:00 बजे के करीब रवाना हुई थी और 7:45 के करीब कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त के आवास पर पहुंची है। कुछ अधिकारी घर के अंदर गए हैं और संभवतः राजीव कुमार को हिरासत में लेने के प्रयास में हैं।
इस बारे में स्पष्ट तौर पर सीबीआई की ओर से कोई भी जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन राजीव कुमार के आवास के बाहर गहमागहमी का माहौल है।
हालांकि पूर्व की तरह इस बार कोलकाता पुलिस ने इसमें विशेष तौर पर कोई सक्रियता नहीं दिखाई है। सीबीआई अधिकारियों के साथ किसी तरह का कोई दुर्व्यवहार अभी तक नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इमीग्रेशन डिपार्टमेंट ने राजीव कुमार के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था, ताकि वह एयरपोर्ट अथवा बंदरगाह के जरिए देश छोड़कर भागने में सफल न हो सकें।
