आज यानी 8 नवम्बर को चंद्र ग्रहण है। भारत में यह पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। चंद्रग्रहण देश के कई जगहों में देखा जा सकेगा। ग्रहण के 9 घंटे पहले सूतक लग जाएगा।
ज्योतिष प्रभाकर डॉ राकेश व्यास ने बताया कि कोलकाता में शाम को 4:52 बजे ग्रहण शुरू होगा और शाम 06:19 पर मोक्ष हो जाएगा। हालांकि ग्रहण लगभग 2:39 बजे से शुरू होगा और 3:46 बजे खग्रास प्रारम्भ होगा, परम ग्रास 4:29 बजे तक रहेगा और खग्रास समाप्ति 5:12 पर होगी लेकिन कोलकाता में चंद्रोदय शाम 4:52 को होगा इसलिए ग्रहण काल प्रारंभ भी इसी समय से होगा। ग्रहण 6 बजकर 19 मिनट पर समाप्त हो जाएगा।
कोलकाता सहित पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में पूर्ण चंद्रग्रहण का अनुभव होगा। जबकि देश के बाकी हिस्सों में लोग केवल चंद्र ग्रहण के आंशिक चरण को देख पाएंगे।
जयपुर में शाम 5:37 से, मुम्बई में शाम 6:01 बजे से बैंगलोर में 5:50 से ग्रहण प्रारम्भ होगा। बीकानेर में शाम 5:45 से, चुरू में 05:38 से इसकी शुरुआत होगी। अहमदाबाद में 17:56 , जोधपुर में 17:49, झुंझनू में 17:36, दार्जिलिंग में 16:46, दिल्ली में 17:29, हनुमानगढ़ में 17:38, गुवाहाटी में 16:33 से ग्रहण शुरू होगा।
सावधानियां
सूतक काल के दौरान खाना नहीं खाना चाहिए और न ही बनाना चाहिए। हालांकि, बीमार व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं खाना खा सकती हैं। सूतक काल में घर के मंदिर में भी पूजा पाठ नहीं किया जाता है। इस दौरान मंदिर में पर्दा लगाकर रखें। साथ ही इस दौरान गर्भवती महिलाओं का विशेष ख्याल रखें।