बीकानेर। बीकानेर संसदीय सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जहां केंद्रीय मंत्री व सांसद अर्जुन राम मेघवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर मेघवाल के मौसेरे भाई मदन गोपाल मेघवाल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
जानकारी में रहे कि अर्जुन राम मेघवाल से उनके मौसी के लड़के भाई मदन गोपाल मेघवाल 13 वर्ष छोटे हैं। जिन्होंने भारतीय पुलिस सेवा से पिछले विधानसभा चुनाव से पहले वीआरएस ले लिया था, लेकिन उन्हें बीकानेर जिले की खाजूवाला सीट पर कांग्रेस से टिकट नहीं मिल पाया था लेकिन अब कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी उन्हें लोकसभा सीट से बनाया है।
दोनों ही पार्टियों ने नेताओं की जगह अधिकारियों को चुनाव लड़ाने पर भरोसा जताया है। भाजपा ने 2009 में पूर्व आईएएस अर्जुनराम मेघवाल को टिकट दिया। वे लगातार दो बार चुनाव जीते। अब कांग्रेस ने पूर्व आईपीएस को टिकट देकर दो मौसेरे भाइयों के रिश्ते, और दो अधिकारियों में मुकाबला बना दिया।
