हावड़ा। जिले के शिवपुर थाना इलाका अंतर्गत अधीन मुखर्जी लेन की एक लड़की ने छत से कूदकर जान दे दी है। घटना गुरुवार दोपहर की है। मृत छात्रा का नाम मधु साहनी (18) है।
आरोप है कि 12वीं कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र उसे लगातार परेशान करता था। स्कूल जाने के समय अथवा कोचिंग जाने के समय उसका पीछा करता था और अश्लील कमेंट भी करता था।
बुधवार छात्रा के घरवालों को इस बारे में जानकारी मिल गई थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने लड़के के बारे में गुरुवार को पूछताछ शुरू कर दी थी।
मानसिक दबाव में आई छात्रा छत पर गई और छलांग लगा दी। परिजनों ने दावा किया है कि आरोपी छात्र उसे लगातार अश्लील मैसेज और चित्र भेजता था। इस बारे में पुलिस को जानकारी दी गई है।
आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छात्रा का मोबाइल खंगाल कर आरोपित छात्र की गिरफ्तारी की कोशिशें तेज हो गई है उसका नाम साहिल शाह है। फिलहाल वह फरार है।
