sunlight news

पश्चिम बंगाल में आठ सीटों पर मतदान

बंगाल

पश्चिम बंगाल के आठ लोकसभा क्षेत्रों में चौथे चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। शाम 6:00 बजे तक वोटिंग होगी। सभी आठ सीटों – बहरमपुर, कृष्णनगर, राणाघाट (एससी), बर्दवान पूर्व (एससी), बर्दवान-दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर (एससी) और बीरभूम संसदीय सीटों पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और वाम मोर्चा के बीच चौतरफा मुकाबले के आसार हैं।

इस बीच राज्य भर के कई हिस्सों से गड़बड़ी और छिटपुट हिंसी की सूचना है। चापड़ा के एक स्कूल में पांच मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने आश्वासन दिया था कि सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की जाएगी। इसलिए पीठासीन अधिकारियों ने हंगामा करना शुरू किया और मतदान प्रक्रिया से खुद को अलग कर बाहर निकल गए। हालांकि बाद में आयोग के अधिकारी पहुंचे और समझा-बुझाकर मतदान के लिए तैयार कराया हैै।

चौथे चरण के चुनाव में भी सुबह से ही हिंसा की खबरें आने लगी हैं। मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर में मतदान केंद्रों के अंदर कांग्रेस के एजेंटों को नहीं घुसने दिया गया। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मौके पर पहुंचकर एजेंट को मतदान केंद्र के अंदर बैठाया है।

तीसरी घटना बीरभूम जिले के दुबराजपुर की है। यहां मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने जा रहे भाजपा के पोलिंग एजेंट के साथ मारपीट की गई है। उसकी बाइक छीन ली गई है। यह कार्यकर्ता बुरी तरह जख्मी है। वह पोलिंग एजेंट के तौर पर बैठने में असमर्थ है।

कुछ जगहों पर ईवीएम खराब
नदिया, बीरभूम और मुर्शिदाबाद के कुछ संसदीय क्षेत्रों में ईवीएम खराब होने की शिकायतें मिली हैं। इन मशीनों को बदला गया है। भीषण गर्मी होने की वजह से लोगों की सुबह से ही लंबी कतारें लगी हैं।

आठ संसदीय सीटों पर करीब एक करोड़ 35 लाख मतदाता हैं। यह लोग 68 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय बलों की कुल 580 कंपनियों को तैनात की गई हैं।
आठ संसदीय क्षेत्रों में कुल 15277 मतदान केंद्र हैं।

बरहमपुर लोकसभा सीट
टीएमसी ने बहरामपुर सीट पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ अपूर्वा सरकार (डेविड) को मैदान में उतारा है। वाम मोर्चा के घटक आरएसपी ने ईद मोहम्मद को नामित किया है, जबकि भाजपा ने कृष्णा जोयारदार को नामित किया है।

कृष्णानगर संसदीय सीट
कृष्णानगर में टीएमसी ने महुआ मोइत्रा को मैदान में उतारा है। भाजपा के कल्याण चौबे हैं। कांग्रेस ने इम्तियाज अली शाह और सीपीआई (एम) ने शांतनु झा को नामित किया है।

राणाघाट लोकसभा
राणाघाट (एससी) में भाजपा की जगन्नाथ सरकार मैदान में हैं। तृणमूल ने रूपाली बिस्वास को टिकट दिया है। कांग्रेस ने मिनाति विश्वास और माकपा ने रमा विश्वास को उम्मीदवार बनाया है।

बर्दवान पूर्व संसदीय क्षेत्र
बर्दवान पूर्व (एससी) सीट पर टीएमसी के सुनील कुमार मोंडल भाजपा के परेश चंद्र दास के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने सिद्धार्थ मजूमदार और माकपा ने ईश्वर चंद्र दास को मैदान में उतारा है।

बर्दवान- दुर्गापुर लोकसभा
इस संसदीय क्षेत्र तृणमूल कांग्रेस ने ममताज संघमित्त को टिकट दिया है जबकि भाजपा ने केंद्रीय मंत्री सुरेंद्र सिंह आहलूवालिया को उम्मीदवार बनाया हैं। कांग्रेस ने रणजीत मुखर्जी और सीपीआई (एम) ने अभास रे चौधुरी नामांकित किया है।

आसनसोल संसदीय क्षेत्र
इस बार सबसे अधिक दिलचस्पी लड़ाई इसी संसदीय क्षेत्र में होने वाली है। भाजपा ने यहां से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो को टिकट दिया है, जबकि टीएमसी की सेलिब्रिटी उम्मीदवार मुनमन सेन मैदान में हैं । सीपीआई (एम) ने गौरंग चटर्जी और कांग्रेस ने बिस्वरुप मोंडल को टिकट दिया है।

बोलपुर लोकसभा
राजनीतिक हिंसा के लिए कुख्यात रहे बीरभूम जिले के बोलपुर (एससी) सीट पर टीएमसी के असित कुमार मल और भाजपा के रामप्रसाद दास मैदान में हैं। माकपा ने रामचंद्र डोम और कांग्रेस ने अभिजीत साहा को मैदान में उतारा है।

बीरभूम सीट
बीरभूम सीट भी बेहद खास है। यहां से भारतीय जनता पार्टी ने दूध कुमार मंडल को टिकट दिया है जबकि तृणमूल कांग्रेस ने सेलिब्रिटी उम्मीदवार सताब्दी रॉय को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने इमाम हुसैन और माकपा ने रेजाउल करीम पर दांव लगाया है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *