Mandarmani – पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध पर्यटक केंद्र मंदरमणि समुद्र तट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।
Mandarmani
जहां समुद्र में स्नान करने उतरे नदिया जिले के एक दम्पति और एक 10 वर्षीय बालक तेज लहरों की चपेट में आकर पानी में डूब गए।
हालांकि ड्यूटी पर तैनात लाइफगार्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे को बाहर निकाला और स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बालक की पहचान कृष्णगंज थाने के प्रतापपुर गांव निवासी 10 वर्षीय सोमनाथ हलदर के रूप में हुई है।
वहीं, लापता दम्पति की पहचान नदीया के ही शांतिपुर थाने के बागदेवीपुर गांव निवासी सुमन शील और वृष्टि शील के तौर पर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमन शील काम के सिलसिले में दिल्ली में रहते थे। उनके ससुर दीघा के एक होटल में काम करते हैं।
मृत बालक के पिता भी ओल्ड दीघा के एक होटल में ही काम करते हैं। सोमवार दोपहर को ये सभी लोग मंदरमणि घूमने गए थे और समुद्र तट पर स्नान करने उतरे।
उसी दौरान बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और ज्वार के कारण समुद्र काफी अशांत व उत्तेजित हो गया था।
पानी में उतरते ही अचानक तेज लहरों के बीच संतुलन बिगड़ने से पहले बालक गहरे पानी में बह गया। उसे बचाने गए उक्त दम्पति भी लहरों की तेज चपेट में आकर बह गए।
