Messi Event Kolkata – दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के ‘GOAT’ टूर के आयोजक शतद्रु दत्त ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
Messi Event Kolkata
उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास के अलावा राज्य पुलिस के पूर्व महानिदेशक (DG) और वर्तमान राज्यसभा सांसद राजीव कुमार के खिलाफ भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
इस शिकायत सूची में तृणमूल कांग्रेस नेता जुई बिस्वास और शांतनु बसु सहित कई अन्य रसूखदार नाम भी शामिल हैं।
दिसंबर 2025 में कोलकाता के साल्टलेक स्थित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (युवा भारती स्टेडियम) में लियोनेल मेसी का एक मेगा इवेंट आयोजित किया गया था।
Messi Event Kolkata – इस कार्यक्रम में हुई भारी अव्यवस्था और हंगामे के बाद शतद्रु दत्त को 38 दिनों तक जेल में रहना पड़ा था।
पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद थाने से बाहर निकलते ही शतद्रु दत्त ने पत्रकारों से बातचीत की।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उस दिन मैदान पर हुई पूरी अराजकता के लिए सीधे तौर पर पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास, पुलिस और प्रशासन की नाकामी जिम्मेदार थी।
उन्होंने कहा कि पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने अपनी दबंगई और रसूख का इस्तेमाल करके मुझसे जबरन 20 से 22 हजार टिकट ले लिए थे।
इसके बाद उन्होंने लगभग 5 हजार और लोगों को मैदान का ‘एक्सेस कार्ड’ देने के लिए मुझ पर दबाव बनाया। उनकी रिश्तेदार जुई बिस्वास ने भी मैदान में एंट्री पाने के लिए मुझे अप्रत्यक्ष रूप से धमकी दी थी।
उन्होंने आगे बताया कि वह इन अनुचित मांगों के आगे नहीं झुके। इसके बाद पूर्व मंत्री ने अपने पद और प्रभाव का गलत इस्तेमाल करते हुए मेसी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
शतद्रु दत्त के अनुसार, मेसी के इस इवेंट के मुख्य शो-फ्लोर पर अरूप बिस्वास को रहने की अनुमति नहीं थी और न ही उनके परिवार के सदस्यों को मेसी के साथ तस्वीरें खिंचवाने का कोई अधिकार था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दुरुपयोग के कारण मैदान में जरूरत से ज्यादा लोग घुस गए, जिसकी वजह से मोटी रकम देकर टिकट खरीदने वाले आम दर्शक मेसी को ठीक से देख भी नहीं पाए।
