sunlight news

39.5 लाख रुपये नगदी के साथ कारोबारी गिरफ्तार

कोलकाता

कोलकाता। कोलकाता में हवाला कारोबार और गैरकानूनी तरीके से नगदी के लेनदेन पर लगातार नजर रख रही सुरक्षा एजेंसियों को एक के बाद एक कामयाबी मिल रही है।

शनिवार को राज्य सीआईडी की टीम ने कोलकाता के भवानीपुर थाना इलाके से 39.5 लाख रुपये की नगदी के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। उसका नाम राज कुमार साव है। वह मूलरूप से हावड़ा जिले के हृदय बनर्जी रोड का रहने वाला है।

हावड़ा के बाल्टिकुरी में उसका आर के इंटरप्राइजेज नाम से लोहे का रॉड और स्क्रैप काटने और बेचने का कारोबार है।उसे शनिवार दोपहर कोलकाता के भवानीपुर थाना अंतर्गत सरत बोस रोड में 39.5 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया है।

सीआईडी के डीआईजी निशात परवेज ने बताया कि कोलकाता में गैरकानूनी तरीके से नगदी के लेनदेन के बारे में सूचना मिली थी जिसके बाद सीआईडी की टीम ने संदिग्ध जगह पर घेराबंदी कर राजकुमार को धर दबोचा।

उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से नगदी रुपये बरामद किए गए है। वह इन रुपयो को कहां से ले आया था और क्यों ले जा रहा था, इस बारे में उसके पास कोई जवाब नहीं था, ना ही कोई वैध दस्तावेज। जिसके बाद उसे जब्त कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इस जब्ती के बारे में चुनाव आयोग के अधिकारियों को जानकारी दी गई है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *