सनलाइट, कोलकाता। श्री कृष्ण योग ट्रस्ट द्वारा आगामी 25 जुलाई से 31 जुलाई तक सत्संग भवन में आयोजित होने जा रहे श्री मद्भागवत कथा एवं योग शिविर के संयुक्त आयोजन के साफल्य हेतु श्री कृष्ण की आराधना कर इस यज्ञ में सहयोग करने एवं भाग लेने के इच्छुक साधको की सुविधा हेतु एक रंगीन विवरणिका का विमोचन किया गया।
लक्ष्मी कांत तिवारी, काशी नाथ पांडेय, सुशील पुरोहित, रामगोपाल मिहारिया, बनवारी लाल सोती एवं वरिंदर आहूजा के संरक्षकत्व में होने वाले इस अद्भुत यज्ञ की विशेषता है कि इसी मंच पर जहां सुधिजन श्री कृष्ण के वाङ्गमय स्वरूप श्रीमद्भागवत कथा का पान कर सकेंगे वही योगेश्वर श्री कृष्ण द्वारा उपदेशित योग का अभ्यास कर शरीर, मन एवं आत्मा के स्तर पर स्वास्थ्य लाभ कर सकेंगे।
ज्ञातव्य है कि पिछले वर्ष ट्रस्ट ने विश्व मे अपने तरह के प्रथम ऐसे ही कथा – योग यज्ञ का सफल आयोजन किया था जिसे समाज के हर तबके का आशीर्वाद मिला। इस यज्ञ में कथा का पान कराएंगे भागवताचार्य जय प्रकाश शास्त्री एवं आश्चर्यजनक लाभ दे सकने में सक्षम योग का अभ्यास कराएंगे योगाचार्य राजेश व्यास।
इस आयोजन से समाज के समर्थ सज्जनो को संदेश जाएगा कि किस तरह किसी भी आयोजन के साथ सहजता से योग शिविर आयोजित किया जा सकता है और वह भी बेहद सामान्य अतिरिक्त खर्च में। आयोजन को सफल बनाने में निमित्त बने सेवाभावी साधको में राकेश व्यास, महेश खंडेलवाल, मयंक व्यास, सुरेंद्र गोस्वामी, आकाश व्यास,मोहन लाल शर्मा शामिल है।
यह जानकारी देते हुए मुकेश व्यास ने बताया कि लगातार ऐसे प्रयास कर समाज को तन, मन एवं आत्मा से स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता हैं।
