बंगाल में ‘यास’ से पहले बवंडर ने मचाई तबाही, 2 की मौत

बंगाल
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari
पश्चिम बंगाल में चक्रवात ‘यास’ के दस्तक से पहले ही बवंडर ने दो लोगों की जान ले ली जबकि कई लोग घायल हैं और सैकड़ों घर भी क्षतिग्रस्त हो गए। यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दी।
मंगलवार की शाम सात बजे के बाद सचिवालय से मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर 24 परगना के इलाके में चक्रवात की वजह से 40 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई लोग पेड़ आदि गिरने से घायल हुए हैं। इसी तरह से हुगली जिले के पांडुआ में तूफान में बिजली का तार टूट कर गिरने से दो लोग उसकी चपेट में आए हैं जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। यहां भी 40 से 50 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात के दुष्प्रभाव से निपटने के लिए सारी तैयारियां की गई हैं। लाखों लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है। सचिवालय में रहकर वह खुद पूरे हालात पर नजर रख रही हैं।
ममता बनर्जी ने आम लोगों से बुधवार को घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की और कहा कि चक्रवात के घातक प्रभाव के बारे में केवल अंदाजा लगाया गया है। यह कितना नुकसान कर सकता है कोई नहीं जानता। इसलिए लोगों को सावधानी बरतते हुए घरों में ही रहना होगा। उन्होंने कहा कि चक्रवात के साथ कोविड-19 महामारी भी है इसलिए लोग सावधान रहें। 
Share from here