योग एवं श्रीमद्भागवत का संयुक्त आयोजन

सामाजिक

सनलाइट,कोलकाता। श्रीमद्भागवत कथा एवं योग का संयुक्त आयोजन 25 जुलाई से सत्संग भवन में होगा। यह जानकारी देते हुए आयोजन समिति के उपाध्यक्ष एवं विख्यात ज्योतिषाचार्य डॉ राकेश व्यास ने बताया कि श्री कृष्ण योग ट्रस्ट द्वारा आयोजित द्वितीय संयुक्त आयोजन में प्रसिद्ध भागवताचार्य श्री जयप्रकाश जी शास्त्री (कोलकाता) कथा वाचन करेंगे तथा पिछले 13 वर्षों से योग की अलख जगा रहे योगाचार्य श्री राजेश जी व्यास योग के गुर सिखाएंगे।

योग के क्षेत्र में अपनी एक पहचान बना चुके योगाचार्य राजेश व्यास ने सामाजिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक संस्थानों में विभिन्न वर्ग के लगभग 55000 लोगों को योगाभ्यास कराया है।

डॉ राकेश ने बताया कि कई अधिवक्ताओं ने भी उत्सुकता दिखाते हुए योग सत्र में अपने समूह के साथ शामिल होकर योगाभ्यास करने की इच्छा जताई है।

संयुक्त आयोजन के सह आयोजक कोलकाता पुष्करणा समाज के अध्यक्ष सुशील कुमार पुरोहित ने बताया कि हम सभी सक्रिय रूप से तैयारियों में लगे हुए हैं और जिस प्रकार लोगों का सहयोग मिल रहा है कृष्ण कृपा से निःसंदेह यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। एक ही स्थान पर होने वाले श्री कृष्ण से जुड़े दोनों कार्यक्रम अपने आप में अनूठे होंगे।

सुशील पुरोहित ने बताया कि इस आयोजन हेतु हम जल्द ही आमंत्रण का कार्य प्रारंभ करेंगे जिसमें राजनैतिक, सामाजिक, आध्यात्मिक, शैक्षणिक, बुद्धिजीवी सहित समाज के सभी वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि समाजसेवी लक्ष्मीकांत तिवारी, काशीनाथ पाण्डे, रामगोपाल मिहारिया, बनवारीलाल सोती, वरिन्दर आहूजा जैसे समाज गौरव इस आयोजन के संरक्षक है। मयंक व्यास, आकाश व्यास, श्रुति व्यास आदि आयोजन की तैयारियों में सक्रियता से लगे हैं।

Share from here