College Street – ऐतिहासिक कॉलेज स्ट्रीट क्षेत्र को नए सिरे से सजाने और संवारने की एक बड़ी योजना पर काम शुरू हो गया है।
College Street
इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पूरे क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरे में उनके साथ कोलकाता नगर निगम की प्रशासक व कमिश्नर स्मिता पांडे, KMDA के सीईओ नितिन सिंघानिया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि कॉलेज स्ट्रीट के ऐतिहासिक महत्व और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यहाँ की किसी एक सड़क को पूरी तरह ‘नो व्हीकल ज़ोन’ (वाहन मुक्त क्षेत्र) के रूप में विकसित करने की योजना है।
इस चिन्हित सड़क पर सामान्य ईंधन वाले वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यहाँ आवागमन के लिए केवल साइकिल, ई-कार और बैटरी से चलने वाले पर्यावरण-अनुकूल वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।
College Street की पहचान वहाँ की प्रसिद्ध किताबों की दुकानें हैं। मंत्री ने बताया कि नगर विकास विभाग का उद्देश्य फुटपाथ और सड़कों पर बिखरी किताबों की दुकानों को एक व्यवस्थित स्थान पर लाकर एक समान और सुंदर तरीके से सजाना है।
इस योजना को बेहतर बनाने के लिए सभी के विचारों का स्वागत है। विभागीय अधिकारियों, KMDA के विशेषज्ञों और अन्य अनुभवी लोगों के अलावा आम जनता भी इस विषय पर अपने बहुमूल्य सुझाव और राय साझा कर सकती है।
यदि यह योजना पूरी तरह लागू होती है, तो कोलकाता की यह ऐतिहासिक ‘पुस्तकों की नगरी’ न केवल अधिक आधुनिक और व्यवस्थित दिखेगी, बल्कि प्रदूषण मुक्त और पैदल यात्रियों के लिए बेहद सुगम भी बन जाएगी।
