कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने आईसीएमआर द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार राज्य के सभी कोरोना अस्पतालों को मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को यह भी सलाह दी कि “गंभीर रोगियों को वेंटिलेटर पर रखने से पहले, दिशानिर्देश के अनुसार उच्च प्रवाह ऑक्सीजन थेरेपी की कोशिश की जानी चाहिए।”
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि यह कदम कोरोनो मामलों में वृद्धि के बीच मैकेनिकल वेंटिलेटर के उपयोग में कटौती करेगा। अगर यह मदद नहीं करता है, तो रोगियों को पारंपरिक वेंटिलेटर पर रखा जाना चाहिए।
उक्त अधिकारी ने कहा, “हर दिन बढ़ते हुए कोरोना मामलों की संख्या के साथ, हमारे पास हर समय मरीजों के लिए आईसीयू और वेंटिलेटर तैयार होने चाहिए। लेकिन फिलहाल जितने वेंटिलेटर राज्य में हैं, वे पर्याप्त नहीं हैं।”
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में वर्तमान में कोरोना अस्पतालों में 395 वेंटिलेटर और 948 आईसीयू बेड हैं।
