CAA के खिलाफ ममता ने निकाली रैली, बंगाल में अशांति के लिए भाजपा को ठहराया जिम्मेदार

कोलकाता

कोलकाता। नागरिकता कानून के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता में रैली निकाली है। इस दौरान ममता ने पिछले चार दिनों से पश्चिम बंगाल में जारी हिंसक प्रदर्शनों के लिये भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेवार ठहराया।

कोलकाता के रोड में भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के पास से रैली की शुरुआत हुई। रैली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई में सत्तारूढ़ पार्टी के लगभग सभी शीर्ष नेता शामिल थे। ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा वाले बाहर से लोग लाकर बंगाल में अशांति कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बी आर अंबेडकर की मूर्ति के पास से जवाहरलाल नेहरू रोड, चितरंजन एवेन्यू होते हुए जोड़ासाँको में गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर के आवास तक रैली निकाली जाएगी।

सोमवार अपराहन 1:00 बजे से ममता ने पदयात्रा की शुरुआत की। सबसे पहले उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर उनके संक्षिप्त संबोधन के बाद पद यात्रा की शुरूआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में किसी भी तरह की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम लोग यहां शांति बहाल करने के लिए हैं। रैली में शामिल सभी लोगों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शांति बहाल रखने की शपथ भी दिलाई। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल से किसी को भी एनआरसी लागू कर बाहर नहीं करने दिया जाएगा।

उन्होंने लोगों से नागरिकता संशोधन विधेयक भी लागू नहीं करने देने की बात कही।

भाजपा पर हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तमाम तरह की साजिश रच रही है। बाहर से लोग लाते हैं और बंगाल में अशांति करते हैं इसलिए पुलिस को विशेष तौर पर नजर रखने को कहा गया है।

Share from here