Advertisement
cm mamata inaugrates chaitanya mahaprabhu museum

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया चैतन्य महाप्रभु म्यूजियम का उद्घाटन

कोलकाता

कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बाग बाजार में भगवान कृष्ण के अनन्य भक्त श्री चैतन्य महाप्रभु पर केंद्रित म्यूजियम का उद्घाटन किया। इसका निर्माण गौड़ीय मठ ने कराया गया है। १३५० स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल में बने इस संग्रहालय के निर्माण में 14 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इस मौके पर कोलकाता के मेयर और शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम भी मौजूद थे। यह संग्रहालय चार मंजिला है। मुख्यमंत्री सभी मंजिलों पर गईं और संग्रहलाय का अवलोकन किया।

Advertisement

तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने रखी थी म्यूजियम की आधारशिला

इससे पहले 21 फरवरी 2016 को प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी भी यहां पहुंचे थे। उन्होंने गौड़ीय मठ के शतवर्ष पालन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। 2013 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने म्यूजियम की आधारशिला रखी थी।

म्यूजियम के सचिव भक्ति सुंदर स्वामी महाराज ने बताया है कि इस म्यूजियम संग्रहीत वस्तुओं में अति प्राचीन पोथी उल्लेखनीय है। इसके अलावा चैतन्य महाप्रभु के श्रीमद्भागवत का ताल पत्र पर लिखा छोटा सारांश है भी संग्रह में संरक्षित किया गया है। चैतन्य भागवत के रचयिता वृंदावन दास ठाकुर की पोथी भी म्यूजियम की शोभा बढ़ा रही है। हरिदास की लिखी गौड़ीय वैष्णव साहित्य और गौड़ीय वैष्णव जीवनी नामक दो किताबें भी यहां मौजूद हैं। इनमें चैतन्य महाप्रभु के जीवन के उतार-चढ़ाव का विस्तार से उल्लेख है।

म्यूजियम के प्रवेश पथ में जयपुर में निर्मित छह फीट ऊंची चैतन्य महाप्रभु की मूर्ति लगी है। पहले तल पर फाइबर की मूर्ति के जरिए चैतन्य महाप्रभु के जन्म वृत्तांत को दर्शाया गया है। दूसरे तल में चैतन्य महाप्रभु की जीवों के उद्धार की लीला को मूर्तियों के जरिए दर्शाया गया है।

उद्घाटन कार्यक्रम का सभापतित्व गौड़ीय मिशन के अध्यक्ष आचार्य श्रीमद भक्ति सुंदर सन्यासी गोस्वामी महाराज ने किया। कार्यक्रम में सांसद सुदीप बनर्जी, नृसिंह प्रसाद भादुरी, श्री चैतन्य गौड़ीय मठ के सचिव श्रीपाद विष्णु जी महाराज, मंत्री साधन पांडेय, शशि पांजा, बिधाननगर की मेयर कृष्णा चक्रवर्ती, कोलकाता नगर निगम के उप मेयर अतिन घोष, कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्यामल सेन, नेशनल काउंसिल आफ साइंस म्यूजियम के पूर्व डीजी सरोज घोष समेत कई अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

Share from here
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari