Digha : दीघा में 20 किलो गांजा के साथ हावड़ा के दो युवक गिरफ्तार

बंगाल

Digha : दीघा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से 20 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Digha

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णा राजभर और शेख रज्जाक के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर हावड़ा जाने की फिराक में थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे दीघा के युवा आवास मोड़ पर जब दो युवक दो ट्रॉली बैग लेकर बस में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी बस कर्मियों को उन पर संदेह हुआ।

जब बस कर्मचारियों ने बैग खोलकर जांच करने की बात कही, तो दोनों युवकों ने वहां से भागने की कोशिश की।

हालांकि, स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत दबोच लिया और दीघा थाना पुलिस को सूचना दी

घटना की जानकारी मिलते ही दीघा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया। जब ट्रॉलियों की तलाशी ली गई, तो उसमें संदिग्ध सामग्री मिली।

इसके बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में विधिवत जांच की गई, जिसमें बैग से लगभग 20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने कृष्णा राजभर और शेख रज्जाक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में डीएसपी (डीएनटी) डॉ. मोहित मोल्ला ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इस नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है।

Share from here