Howrah – पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान उत्तर हावड़ा निर्वाचन क्षेत्र के बामनगाछी इलाके में रविवार को भारी तनाव फैल गया।

Howrah
बताया जा रहा है कि रवि किशन के रोड शो के दौरान तृणमूल समर्थकों द्वारा ‘जय बांग्ला’ नारे को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे उत्तर हावड़ा से भाजपा उम्मीदवार उमेश राय अपने समर्थकों के साथ बामनगाछी ‘बी’ रोड इलाके में घर-घर जाकर प्रचार कर रहे थे।
जब भाजपा का जुलूस स्थानीय तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के सामने से गुजरा, तो वहां मौजूद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते यह संघर्ष हाथापाई और धक्का-मुक्की में बदल गया।
मौके पर मौजूद पुलिस बल और केंद्रीय वाहिनी के जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों गुटों को अलग करने की कोशिश की।
तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने केवल उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया और उन पर लाठीचार्ज की।
वहीं, भाजपा नेतृत्व ने लाठीचार्ज के दावों को खारिज करते हुए कहा कि टीएमसी ने जानबूझकर शांतिपूर्ण प्रचार में खलल डालने की कोशिश की थी।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय वाहिनी के जवान तैनात हैं ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
