हावड़ा। हावड़ा स्टेशन के पार्किंग से शुक्रवार सुबह दो लाख रुपये लूटे जाने लेने का मामला प्रकाश में आया है। हावड़ा स्टेशन पर न्यू कंपलेक्स में गाड़ी पार्किंग के लिए जगह बनी है। नियमानुसार यहां टेंडर जारी करने के बाद पार्किंग प्रबंधन की जिम्मेवारी ठेकेदार को दी गई है। आरोप है कि गुरुवार रात के समय पार्किंग लॉट में इलाके के कई अपराधी एकत्रित हो गए थे। उन लोगों ने ठेकेदार से बड़ी मात्रा में रंगदारी मांगी लेकिन ठेकेदार ने रंगदारी देने से इनकार कर दिया। तब अपराधी तो लौट गए थे लेकिन धमकी देकर गए थे कि इसका परिणाम भयंकर होगा।
उसके बाद शुक्रवार सुबह एक बार फिर वे पहुंचे और पार्किंग लॉट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। गाड़ियों को खड़ी करने के लिए बनाई गई जगह में जमकर हंगामा मचाया। इतना ही नहीं कैशबॉक्स तोड़कर दो लाख रुपये लेकर भी फरार हो गए। गोलाबाड़ी थाने में इससे संबंधित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है। इसे लेकर यहां रहने वाले लोगों और यात्रियों में दहशत है।
