शुक्रवार सुबह हुगली लोकसभा केन्द्र से भाजपा प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी के घर में कुछ लोगों ने घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।

लॉकेट चटर्जी ने बताया कि शुक्रवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के लोग घर में घुसे और घर में मौजूद टीवी, खिड़की के कांच, आलमारी, कुर्सी, टेबल इत्यादि को तोड़ दिया।
इस दौरान हमलावारों ने उनके घर और आसपास मौजूद भाजपा के झंडों और बैनरों को भी फाड़ दिया। उन्होंने मामले की शिकायत चुंचुड़ा थाने में दर्ज करवायी है।
लॉकेट चटर्जी ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार सुबह वे चुनाव प्रचार के लिये निकली थीं। दोपहर को जब वे प्रचार के बाद अपने घर लौटीं, तब तृणमूल कांग्रेस के लोग उनके घर में घुस गये और तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि हुगली लोकसभा क्षेत्र में भाजपा का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है जिससे तृणमूल डर गई है।
वहीं भाजपा के सांगठनिक जिले हुगली के अध्यक्ष सुबीर नाग ने बताया कि शुक्रवार को लॉकेट के घर के सामने बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता इकठ्ठा हुए थे। तृणमूल कांग्रेस के लोग भी भीड़ में शामिल हो गये थे। उन्होंने ही लॉकेट के घर में घुसकर हमला किया है।
