कर्फ्यू के बीच पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शुरू

देश

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आज से शुरू हो गई है। जगन्नाथ पुरी में यात्रा निकाली जा रही है। कोरोना महामारी में ये दूसरी बार है जब श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बिना भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जा रही है।

 

इस मौके पर उड़ीसा के जगन्नाथ पुरी में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता था लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए जगन्नाथ मंदिर से गुंडीचा मंदिर तक के तीन किलोमीटर यात्रा मार्ग पर कर्फ्यू लागू है।

 

गुजरात के अहमदाबाद शहर में भी भगवान जगन्नाथ की 144वीं रथयात्रा आज सुबह शुरू हो गई। हालांकि कोविड-19 के मद्देनजर लोगों को इसमें भाग लेने से रोकने के लिए यात्रा के मार्ग में लगाए गए कर्फ्यू के कारण इस बार की रथयात्रा को लेकर उत्सव की उमंग और भीड़ नदारद है। लगभग 100 ट्रकों, हाथियों, अखाड़ों और गायन मंडलियों के सामान्य काफिले के बजाय इस साल की यात्रा में केवल तीन रथ शामिल हैं, जिन्हें खलासी समुदाय के लगभग 100 युवा खींच रहे हैं। इसके अलावा चार से पांच अन्य वाहन शामिल हैं।

 

PM मोदी ने देशवासियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने लिखा है, ”रथ यात्रा के विशेष अवसर पर सभी को बधाई। हम भगवान जगन्नाथ को नमन करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनका आशीर्वाद सभी के जीवन में अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए। जय जगन्नाथ!”

अमित शाह ने ‘मंगला आरती’ में भाग लिया

देवी-देवताओं की मूर्तियों को रथों पर रखने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह लगभग चार बजे मंदिर में दर्शन किया और ‘मंगला आरती’ में भाग लिया। अमित शाह अपने परिवार के साथ भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने आए। शाह लगभग हर साल इस यात्रा के समारोह में शरीक होते हैं।

Share from here