कोलकाता। कोलकाता के प्रसिद्ध उद्योगपति और कोलकाता नगर निगम के पूर्व कांग्रेस पार्षद सांवरमल भीमसरिया ने बुधवार सुबह दसवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी है। वे 75 साल के थे। वे एक प्रतिष्ठित समाजसेवी भी थे। बालीगंज थाना इलाके में स्थित होटल हिंदुस्तान की पार्किंग गैलरी में सुबह 6:20 बजे के करीब रक्तरंजित हालत में उनका शव पड़ा देखकर सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया था जहां जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया था।
इधर घटना के बाद मौके पर पहुंची कोलकाता पुलिस की टीम ने जब होटल की तलाशी शुरू की तो लिफ्ट के पास सीढ़ियों पर उनका मोबाइल फोन, उनका अपना विजिटिंग कार्ड और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। हालांकि इसमें सांवरमल ने क्या कुछ लिखा है, इस बारे में पुलिस ने खुलासा नहीं किया है़। वह होटल के पास ही में मौजूद महानगर के मशहूर हिंदुस्तान क्लब के सदस्य भी थे।
बताया गया है कि रोज की तरह बुधवार सुबह वह टहलने के लिए विक्टोरिया मेमोरियल मैदान गए थे। उसके बाद शरत बोस रोड स्थित इस होटल हिंदुस्तान में पहुंचे और सीढ़ियों के पास अपना मोबाइल फोन, सुसाइड नोट और विजिटिंग कार्ड रखने के बाद लिफ्ट के जरिए दसवीं मंजिल पर जा पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा दसवीं मंजिल से ही लगाई छलांग
किस कारण उन्होंने आत्महत्या की है, इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। कोई पारिवारिक वजह है या व्यापारी या कोई और कारण है, इस बारे में पता लगाने के लिए पुलिस उनके साथियों, परिजनों और सहकर्मियों से बातचीत कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मूल रूप से राजस्थान के रतननगर के निवासी सांवरमल ने 1984 में कोलकाता नगर निगम के 43 नंबर वार्ड से कांग्रेस पार्षद के तौर पर जीत दर्ज की थी। वह बोरो चेयरमैन भी रह चुके थे। वे कोलकाता मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष भी थे। शेरो शायरी और साहित्य लेखन के भी शौकीन थे। उन्होंने कुछ किताबें भी लिखी हैं। सांवरमल ने लंबे समय से राजनीति से सन्यास ले रखा था। आत्महत्या की वजह को समझने हेतु पुलिस ने जांच शुरू की है। घटनास्थल पर होमीसाइड की टीम भी पहुंची है।
