कोलकाता। कोलकाता में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब दो और लोगों के शरीर में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बताया गया है कि ये दोनों भी विदेश से लौटे थे। इनमें से एक व्यक्ति लंदन से वापस लौटा है, जबकि दूसरा इजिप्ट से।
दोनों के खून के नमूने को जांच के लिए बेलियाघाटा नाइसेड में भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट आ गई है। मंगलवार सुबह अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। हालांकि दोबारा भी जांच होगी।
साथ ही कोलकाता में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई हैं। इनमें से एक व्यक्ति की सोमवार दोपहर मौत हो गई थी। अन्य सभी बेलियाघाटा आईडी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से एक युवक 22 साल का है और लंदन से लौटा था। उसके मां-बाप और नौकरानी में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक दूसरा युवक 18 साल का है। वह राज्य सचिवालय में तैनात एक डब्ल्यूबीसीएस अधिकारी का बेटा है।
एक 23 साल की लड़की है, जो स्कॉटलैंड से लौटी है। और अब दो और लोगों के शरीर में संक्रमण की पुष्टि हो गई है। इन सभी को विशेष आइसोलेशन वार्ड में रखकर इलाज किया जा रहा है।
