Landslide – रात भर हुई भारी बारिश के कारण सिलीगुड़ी और आसपास के पहाड़ी इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
Landslide
भारी बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग 31ए (NH-31A) और सिक्किम की लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 (NH-10) पर कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार, रात को हुई मूसलाधार बारिश के चलते एनएच-31ए पर सेवक कालीबाड़ी के समीप एक बड़ा भूस्खलन हुआ।
इस वजह से सिलीगुड़ी से डुआर्स जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने तत्परता दिखाते हुए सुबह युद्ध स्तर पर काम शुरू किया और मलबे को हटाकर रास्ता दोबारा यातायात के लिए खोल दिया है।
दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल और सिक्किम को जोड़ने वाली जीवन रेखा एनएच-10 पर स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है।
कालिम्पोंग के पास 29 माइल नामक इलाके में भारी भूस्खलन के कारण कालिम्पोंग और सिक्किम जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है।
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण प्रशासन ने सिक्किम और कालिम्पोंग जाने वाले सभी वाहन चालकों और पर्यटकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि एनएच-10 पर गिरे भारी मलबे और बोल्डर को हटाने का काम पहले ही शुरू किया जा चुका है।
भारी मशीनों (जेसीबी) की मदद से रास्ता साफ करने की कोशिश की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द यातायात को सामान्य किया जा सके। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण काम में थोड़ी बाधा आ रही है।
